​गाजियाबाद: शालीमार गार्डन के श्रीराम वाटिका पार्क में छठ पूजा का आयोजन

​गाजियाबाद: शालीमार गार्डन के श्रीराम वाटिका पार्क में छठ पूजा का आयोजन

Share this post:

गाजियाबाद, 28 अक्टूबर (हि.ला.)। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के शालीमार गार्डन, एक्सटेंशन-2 में आस्था और भक्ति का महापर्व छठ पूजा बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्क में टेंट लगाकर पारंपरिक तरीके से सजावट की गई तथा फूल-मालाओं और पर्यावरण-अनुकूल रोशनी से सुसज्जित किया गया, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। दो दिवसीय इस पूजा समारोह में छठी मइया के गीतों ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

​छठ पूजा का यह पवित्र आयोजन शालीमार गार्डन के स्थानीय निवासियों द्वारा मिलजुल कर किया गया, जिन्होंने पार्क में एक सुंदर और सुरक्षित पूजा स्थल बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। इस पावन अवसर पर सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करने वाले प्रमुख श्रद्धालुओं में श्रीकृष्ण सिंह, अंशुमान शुक्ला, सुरेश सिंह कुशवाहा और वीर सिंह सपरिवार शामिल रहे। इन सभी परिवारों ने पारंपरिक विधि-विधान से अर्घ्य देकर लोक आस्था के इस पर्व को सफल बनाया। श्रद्धा और आस्था के इस पर्व में उषा अर्घ्य के समय एडवोकेट वारिज द्विवेदी, रमाकांत भारद्वाज और डा. आलोक उपाध्याय आदि कई गण्यमान्य लोगों ने भी सहभागिता की।

​इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की उत्कर्ष भारत शाखा और क्षेत्रीय (वार्ड-80) पार्षद राहुल शर्मा का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा, जिसके लिए आयोजक मंडल ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। ​साथ ही, समारोह के सौजन्य (कर्टसी) के लिए मर्क्यूरिक कंसल्टेंसी एंड मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिन्होंने इस धार्मिक आयोजन में अपना सहयोग प्रदान किया। आयोजक मंडल के श्रीकृष्ण सिंह ने कहा कि यह आयोजन शालीमार गार्डन के निवासियों की सामूहिक भावना और सांस्कृतिक सोच को प्रतिविम्बित करता है।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News