हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस नेता अजय महाजन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस नेता अजय महाजन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

Share this post:

 

नूरपुर, 21 सितंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में नूरपुर के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अजय महाजन ने भारी बारिश से प्रभावित नूरपुर की पंचायत ममूह गुरचाल के गांवों मलकवाल, ठेहड़ और गुरचाल कतेरा का दौरा किया। उन्होंने सरकार से हरसंभव मदद दिलवाने का आश्वासन दिया।

पूर्व विधायक अजय महाजन ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। महाजन ने गांव में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

ग्रामीणों ने पूर्व विधायक को बताया कि रास्ते और बिजली के कम वोल्टेज की वजह से लोगों की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिस पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। अजय महाजन ने जल्द एक नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने को कहा।

पंचायत प्रधान खुशवंत सिंह ने महाजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही गांव में पुलिया का निर्माण हो पाया है, जिससे लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में परेशानी नहीं होती है।

पीड़ित महिला रानो बीबी ने बताया कि बारिश में उनका घर गिर गया है, जिसके बाद से वह बाहर ही रह रही है। इसी तरह सुरजीत सिंह ने भी अपने घर के गिरने और रहने की जगह न होने की समस्या बताई, जिस पर महाजन ने कहा कि प्रशासन और सरकार से जल्द बात कर लोगों की समस्या दूर की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश से यहां के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। नुकसान की रिपोर्ट जल्द ही सरकार को भेजी जाएगी और लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

अजय महाजन ने कहा कि जहां-जहां रास्ते खराब हो गए हैं, उन्हें सही करने के लिए प्रशासन से कहा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या दूर करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस मौके पर पंचायत प्रधान खुशवंत सिंह, उप प्रधान सुभाष सिंह, जगदीश सिंह, अशोक शर्मा, युवा कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष नसीब सिंह व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News