सेवा पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत दिल्ली के छह सरकारी अस्पतालों में 150 नए डायलिसिस यूनिट स्थापित

सेवा पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत दिल्ली के छह सरकारी अस्पतालों में 150 नए डायलिसिस यूनिट स्थापित

Share this post:

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.ला.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने छह प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 150 नई हीमो-डायलिसिस मशीनें स्थापित की हैं। इससे राजधानी दिल्ली में जीवन रक्षक स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में भारी वृद्धि हुई है। अब ये 150 डायलिसिस यूनिट रोजाना 1500 से अधिक मरीजों का डायलिसिस कर रही हैं, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को समय पर और समान रूप से उपचार मिल रहा है।

150 डायलिसिस मशीनों में से सबसे अधिक 55 मशीनें दिल्ली के बुराड़ी अस्पताल (मध्य जिला) और 45 मशीनें जनकपुरी के सुपर स्पेशलिटी (पश्चिम जिला) में लगाई गई हैं। इसके साथ ही अंबेडकर नगर अस्पताल (दक्षिण जिला) को 25 नई डायलिसिस मशीनें मिली हैं, जबकि उत्तर पश्चिम जिले में डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 10 और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में 5 नई डायलिसिस मशीनें लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली के जगप्रवेश चंद्र अस्पताल (उत्तर-पूर्व जिला) को 10 नई डायलिसिस मशीनें मिली हैं। कुल मिलाकर इन 150 नई डायलिसिस यूनिट्स के साथ दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में कुल डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़कर 300 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान को लेकर बेहद गंभीर है।, जिसका राजधानी में शानदार नतीजा दिखाई दे रहा है। 25 सितंबर 2025 तक 1,558 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिनमें 60 विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच केन्द्रों (PHCs) में भी आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 9,35,896 लाभार्थियों ने भाग लिया यानी औसतन 111 लोग प्रति शिविर के हिसाब से उपस्थित होकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। जिनमें 3,86,270 पुरुष और 5,69,294 महिलाओं की विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्क्रीनिंग की गई, जो दिल्ली की महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को दर्शाता है। स्वास्थ्य शिविर के दौरान 18,530 महिलाओं की टीबी की स्क्रीनिंग की गई, वहीं टीबी मरीजों की सहायता के लिए 1041 नि-क्षय मित्रों को पंजीकृत किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ पोषण किट्स का वितरण भी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी कमी से उबरने और पूरे परिवार के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में मदद मिल रही है। स्क्रीनिंग, निवारक देखभाल, पोषण सहायता और स्वास्थ्य जागरूकता को एक साथ जोड़कर अपनाई गई दिल्ली सरकार की यह समग्र पहल राजधानी की प्रत्येक महिला को सशक्त बनाने और स्वस्थ परिवार सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली स्वास्थ्य विभाग “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के लाभों के प्रति समाज में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी जरूरी संसाधनों जैसे सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम और बैनर-पोस्टर अभियानों का भी सहारा ले रहा है।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 150 डायलिसिस मशीनों की स्थापना से हमारे अस्पताल प्रतिदिन और अधिक नागरिकों के जीवन बचाने में सक्षम बने हैं। ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान यह सुनिश्चित करता है कि महिलाओं और बच्चों को उनके स्वस्थ जीवन के लिए हर जरूरी पोषण मिले। हमारे इस अभियान के तहत सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध हैं। मैं दिल्ली की सभी महिलाओं, बहन, बेटियों से अपील करता हूं कि वे खुद आगे आएं और ज्यादा से ज्यादा इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News