नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.ला.)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने अमेरिका द्वारा भारत पर 25 फीसद टैरिफ लगाने और शेयर मार्केट के गिरने से भारतीय निवेशकों के लाखों करोड़ रुपए डूबने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का ट्रंप के प्रति प्यार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है, जबकि ट्रंप बेवफा निकल गए।
संजय सिंह ने कहा कि ट्रम्प भारत पर रूस से सस्ता तेल नहीं खरीदने का दबाव बना रहे हैं। ट्रम्प ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था मरी हुई है। पाकिस्तान में अमेरिका तेल खोज रहा है, जिसे भारत को बेचेगा। पीएम मोदी अपने दोस्त अडानी को बचाने के लिए देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने पर तुले हैं। मोदी सरकार देशवासियों को बताए कि भारत की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए उसकी क्या रणनीति है?
संजय सिंह ने कहा कि यह निवेशकों के साथ विश्वासघात है, जो अपनी गाढ़ी कमाई शेयर मार्केट में लगाते हैं। सेंसेक्स 800 अंक गिर चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों की वजह से लाखों करोड़ रुपए डूब रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का ट्रंप के प्रति प्यार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। उधर, ट्रंप बेवफा निकल गए। अब ट्रम्प कह रहे हैं कि वे पाकिस्तान से प्यार करते हैं। ट्रम्प दबाव बना रहे हैं कि भारत रूस से सस्ता तेल न खरीदे, जबकि रूस भारत का परंपरागत मित्र है। रूस ने यूएन में छह बार वीटो पावर का इस्तेमाल कर भारत का साथ दिया, युद्ध में सहायता की और सस्ता तेल उपलब्ध कराता है। अमेरिका ऐसे मित्र देश रूस से भारत को सस्ता तेल खरीदने के रोक रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि ट्रंप दबाव बनाकर भारत की अर्थव्यवस्था को चौपट करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री को इसका पुरजोर विरोध करना चाहिए। टैरिफ बढ़ाने के ट्रंप के फैसले पर अपना विरोध दर्ज कराकर भारत सरकार को अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। रूस से सस्ता तेल भारत की अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है, जिसे हम अन्य देशों को भी सस्ते दामों पर देते हैं। भारत को अपनी प्राथमिकता और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली चीजों पर ध्यान देना चाहिए।
संजय सिंह ने कहा कि ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को “मरी हुई” कहा है। ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका पाकिस्तान में तेल खोज रहा है और भारत को बेचेगा। ट्रंप की भारत को लेकर खतरनाक योजना है। समय रहते मोदी सरकार को सामने आकर बताना चाहिए कि अर्थव्यवस्था बचाने की उनकी रणनीति क्या है और कैसे मोदी सरकार देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कदम उठाएगी।