
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डेटा चोरी और बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया है, खासकर दिल्ली के वायु गुणवत्ता मॉनिटरिंग सिस्टम के मामले में।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे प्रदूषण बढ़ता गया, सरकार के मॉनिटरिंग स्टेशन अचानक बंद हो गए। चार अलग-अलग संस्थाओं के दर्जनों मॉनिटरिंग स्टेशन रात में बंद कर दिए गए और सुबह हवा चलने पर फिर से चालू कर दिए गए, जो खुलेआम जनता के साथ बेईमानी है।
उन्होंने कहा कि नेहरू नगर के स्टेशन पर रात को 1,763 तक की उच्च एक्यूआई रीडिंग दर्ज हुई, लेकिन फिर उस स्टेशन को बंद कर दिया गया। वहीं, कुछ ऐप्स में एक्यूआई 350 और कुछ में 1,700 दिखाया गया।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि सरकार जानबूझकर बड़े एक्यूआई डेटा को छुपाकर जनता को गुमराह कर रही है। 350 एक्यूआई तक पहुंचते ही ग्रैप 3 लागू होना चाहिए था, लेकिन दिल्ली सरकार ने इसे लागू नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट भी वायु गुणवत्ता डेटा सार्वजनिक करने का आदेश दे चुका है, लेकिन भाजपा सरकार इस आदेश का पालन नहीं कर रही और डेटा चोरी कर रही है।
सौरभ भारद्वाज ने पंजाब के हालात पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक मंत्री ने पंजाब के सिख किसानों पर नकारात्मक बयान दिया था, जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। पंजाब में पराली जलाने के मामले पिछले साल 4,327 थे, जो इस साल घटकर लगभग 400 रह गए हैं। यह साफ दिखाता है कि भाजपा सरकार सिर्फ नाकाम नहीं बल्कि बेईमान और झूठ बोलने वाली है, जो सिखों और पूर्वांचलियों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली की मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार को सबूतों के साथ एक्सपोज करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को एक्यूआई की सही समझ नहीं है।