दिल्ली में बारिश से हुए जल भराव के विरोध में "आप" पार्षदों ने मेयर ऑफिस का किया घेराव

दिल्ली में बारिश से हुए जल भराव के विरोध में "आप" पार्षदों ने मेयर ऑफिस का किया घेराव

Share this post:

नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.ला.)। दिल्ली में बार-बार हो रहे भारी जल भराव को लेकर आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने बुधवार को सिविक सेंटर स्थित भाजपा के मेयर राजा इकबाल सिंह के ऑफिस का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। एमसीडी में "आप" के सह प्रभारी और पूर्व विधायक प्रवीन देशमुख के नेतृत्व में हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत सभी पार्षदों के हाथों में "बीजेपी के चारों इंजन डूब गए पानी में" लिखा बैनर और तख्तियां थी।

इस अवसर पर प्रवीन देशमुख ने कहा कि एक घंटे की बारिश में दिल्ली का बुरा हाल है। चार इंजन होने बाद भी भाजपा जलभराव रोक नहीं पा रही है। अगर मेयर राजा इकबाल सिंह से एमसीडी के इलाकों में जल भराव कंट्रोल नहीं हो पा रहा है, तो वह कुर्सी छोड़ दें।

मेयर ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के दौरान प्रवीन देशमुख ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली का बुरा हाल कर दिया है। ये लोग खुद को चार इंजन की सरकार कहते हैं, लेकिन इन्होंने चार काम भी नहीं किए। बहुत शर्म की बात है कि इस समय जल भराव से दिल्ली डूबी हुई है। एक घंटे की बारिश में दिल्ली का बुरा हाल है। सड़कों, गलियों से लेकर अस्पताल और स्कूलों का जलभराव से बुरा हाल है। भाजपा ने दिल्ली को पूरी तरह जलमग्न कर दिया। भाजपा को शर्म आनी चाहिए।

प्रवीन देशमुख ने कहा कि भाजपा केंद्र, दिल्ली सरकार और एमसीडी में है। एलजी भी इनके हैं। फिर भी जलभराव कंट्रोल नहीं हो रहा। मंत्रियों के घरों के बाहर पानी भरा है। फिर भी इन्हें शर्म नहीं आ रही है। अगर मेयर राजा इकबाल सिंह से दिल्ली में काम नहीं हो रहा, तो वह कुर्सी छोड़ दें, भाजपा किसी और काबिल व्यक्ति को कुर्सी दें। दिल्ली को लावारिस और भगवान भरोसे नहीं छोड़ सकते। दिल्ली के लोग परेशान हैं, क्योंकि घंटों ट्रैफिक जाम लग रहा है। कनॉट प्लेस की हालत सबने देखी। लोगों का सामान बर्बाद हुआ। सदर बाजार में दुकानों में पानी घुसा और लाखों का नुकसान हुआ।

दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि मंगलवार को कुछ मिनटों की बारिश ने भाजपा के झूठे वादों की पोल खोलकर रख दी। भाजपा की चार इंजन की सरकार दिल्ली में फेल हो चुकी है। केंद्र, दिल्ली सरकार और नगर निगम में भाजपा है। एलजी भी भाजपा के हैं। मंगलवार को साफ दिख गया कि किस तरह से चार इंजन की सरकार फेल हो चुकी है। वीवीआईपी इलाकों से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी ही पानी था। गलियां भी झील बन गईं। सड़कें तालाब बन गए। सरकारी अस्पतालों में पानी घुस गया था।

डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि भाजपा के वादों पर कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं। मंगलवार को दिल्ली का हाल सबने देखा। घुटनों तक पानी था। लोगों की जान गई। यही भाजपा के वादे हैं। भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी करती है। झूठे, खोखले वादे करती है। दिल्ली में उनकी सरकार फेल हो चुकी है। आने वाले समय में दिखेगा, कैसे दिल्ली की जनता भाजपा को नकारने वाली है।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News