
नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.ला.)।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह खेदपूर्ण है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हों या आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल हों, ये लोग एसआईआर का विरोध घुसपैठी वोटरों को वोटर लिस्ट में बनाये रखने के लिए कर रहे हैं। क्योंकि ये घुसपैठिये उनके समर्थक हो सकते हैंं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में हमेशा ही दिल्ली की वोटर लिस्ट सही रहे इसके लिए प्रयासरत रही है। पिछले 20 सालों में दिल्ली के वोटर लिस्ट पर हम हर प्रयास कर रहे थे, जिससे वोटर लिस्ट ठीक की जा सके। हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में हमने यह जानकारी उजागर की थी की किस तरह दिल्ली की वोटर लिस्ट में एक ही पते पर 60 से 100 तक वोट बने हैं, यहां तक कि फुटपाथ पर नकली घर नम्बर डाल कर अल्पसंख्यक वोट बना दिए गये हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद 2015 के विधानसभा के चुनाव में अचानक से 13 लाख वोट बढ़ गए उसके बाद 2019 के बाद 2020 के विधानसभा चुनाव में भी 8 लाख से ज्यादा वोट बढ़ गए। इसकी गहनता से जांच की गई तो पता चला कि दिल्ली में घुसपैठियों और ऐसे मतदाताओं की वोट बनाई जा रही थी जो दिल्ली में नागरिक ही नहीं थे। हमने इसका अभियान चलाया, चुनाव आयोग को इसकी जानकारी दी। 10,000 पेज की शिकायत चुनाव आयोग को दी गई, जिसमें हमारे कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर जांच की जानकारी चुनाव आयोग के समक्ष रखी गई।
उन्होंने कहा कि क्योंकि बार-बार लुभावने वादे कर रजिस्ट्रेशन करवा कर फर्जी वोट बनाने का काम आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के द्वारा लगातार 20 साल से चल रहा था। इस पर हम विधानसभा चुनाव में बहुत हद तक जानकारी निकालने में सफल रहे।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अब चुनाव आयोग ने पूरे देश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन कार्यक्रम की शुरुआत की है, हम इस कार्यक्रम का स्वागत करते हैं। दिल्ली में 2002 की वोटर लिस्ट को मद्देनजर रखते हुए यह प्रक्रिया की जाएगी और जिन लोगों के नाम 2002 की वोटर लिस्ट में हैं, उन्हें सिर्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरना है और जिनके नहीं है उनके माता-पिता का नाम अगर है तो उसकी प्रतिलिपि इसके साथ लगानी है।
सचदेवा ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता दिल्ली के सभी मतदाताओं का इसमें सहयोग करेंगे और दिल्ली की वोटर लिस्ट पूरी तरह दिल्ली के मतदाताओं की हो और जिसमें कोई फर्जी या घुसपैठिए ना हो यह सुनिश्चित करवाने के लिए हर प्रयास भारतीय जनता पार्टी करती रहेगी।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली भाजपा यह मानती है कि वोट हम सब का हक है और एक मजबूत प्रजा तंत्र की नींव वोट है। फर्जी और गलत वोटर प्रजातंत्र पर एक बदनुमा दाग है, जिसे बाबा साहब के संविधान और प्रजातंत्र दोनों गलत मानते हैं और हम और हमारे कार्यकर्ता यह प्रयास करेंगे कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया में हम पूरी तरह चुनाव आयोग का साथ दें और दिल्ली के मतदाताओं को उनका पूरा हक मिले।