दिल्ली : किशनगढ़ में पुरानी रंजिश से युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली : किशनगढ़ में पुरानी रंजिश से युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Share this post:

 

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूरी घटना रविवार रात की है, जब 23 वर्षीय नितेश पर दो हमलावरों ने संयुक्त रूप से हमला बोल दिया। दिल्ली पुलिस ने एफआईआर संख्या 290/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तेजी से जांच शुरू कर दी है। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के दम पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मात्र कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

मृतक नितेश किशनगढ़ का निवासी था और इलाके में छोटे-मोटे कामों से गुजारा करता था। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे ढाई साल पुरानी रंजिश मुख्य कारण है। पुराने झगड़े में नितेश और उसके साथियों ने कथित तौर पर आरोपियों पर हमला किया था, जिससे वे अपमानित महसूस करने लगे। इस घटना के बाद आरोपियों ने बदला लेने की ठानी हुई थी, लेकिन उन्होंने तब कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। रविवार रात करीब 10 बजे, जब नितेश अकेला सड़क पर जा रहा था, तब आरोपी मोहित महलावत उर्फ मन्नू ने अपने सहयोगी लकी उर्फ तन्नू के साथ मिलकर उसे रोक लिया। दोनों ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गिरफ्तार पहला आरोपी मोहित महलावत उर्फ मन्नू (23 वर्ष) किशनगढ़ का ही निवासी है और बेरोजगार है। वह नितेश के साथ पुरानी दुश्मनी का शिकार था और इस घटना को अंजाम देने के लिए लंबे समय से साजिश रच रहा था। दूसरा आरोपी लकी उर्फ तन्नू (23 वर्ष) महरौली, दिल्ली का निवासी है। वह भी बेरोजगार है और नशे का आदी बताया जा रहा है। तन्नू मन्नू का करीबी साथी है और नितेश के साथ उसके भी पुराने झगड़े चले आ रहे थे। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे बदले की आग में जल रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने अपराध स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें हत्या में प्रयुक्त चाकू, दोनों आरोपियों के खून से सने कपड़े और मृतक नितेश का मोबाइल फोन शामिल हैं। किशनगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों का भी सहारा लिया जा रहा है। दोनों आरोपियों को 48 घंटे के अंदर अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग करेगी। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News