नई दिल्ली 10 जुलाई (हि.ला.)।
दिल्ली में बीती रात हुई बारिश ने राजधानीवासियों को जहां उमस भरी गर्मी से राहत दी है वहीं दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या ने लोगों को मुश्किल बढ़ा दी है। बुधवार शाम को शुरू हुई बारिश बीती देर रात तक जारी रही। जलभराव के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
बीती रात नजफगढ़ में 60 मिमी आया नगर में 50.5 मिमी और प्रगति मैदान में 37 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के कंट्रोल रूम को 29 शिकायतें मिलीं जिनमें पूर्वी दिल्ली के झिलमिल अंडरपास लोनी गोल चक्कर और यमुना विहार शामिल हैं। बारिश और जल जमाव के कारण नेहरू प्लेस अरबिंदो मार्ग लाजपत नगर अक्षरधाम आश्रम आईटीओ पटपड़गंज और शादीपुर आदि कई इलाकों में पानी भर गया। इस वजह से आवाजाही बाधित रही।
मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड अलर्ट किया है। मौसम विभाग ने तेज बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा कम है.
दिल्ली में जलजमाव को लेकर बीती रात आप के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने वीडियो साझा करते हुए भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने प्रशासन की तीखी आलोचना करते हुए कहा सच्चाई यह है कि दिल्ली में भाजपा के कथित चारों इंजन बेकार हैं। न तो दिल्ली सरकार न एमसीडी न केंद्र सरकार और न ही उपराज्यपाल को दिल्लीवासियों की परवाह है। उनके सारे दावे हवा-हवाई हैं। और सिर्फ़ एक घंटे की बारिश उनके सारे वादों पर पानी फेरने के लिए काफ़ी थी। भाजपा नेता सिर्फ़ बड़ी-बड़ी बातें करना जानते हैं। वे बस दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि उन्होंने शहर में जलभराव से निपटने के लिए कुछ भी ठोस नहीं किया है।
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने भी सीएम रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा “शालीमार बाग की विधायक ने अपने क्षेत्र को स्विमिंग पूल बना दिया।”
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी सदन में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने एक्स (पहले ट्विटर) पर जलभराव का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा चार इंजन वाली भाजपा सरकार होने के बावजूद दिल्ली पानी के शहर में तब्दील हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के वादे एक बार फिर खोखले साबित हुए हैं। मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा था कि दिल्लीवासी इस बार मानसून का आनंद लेंगे। खैर इस बार जलभराव ने शहर को स्विमिंग पूल में बदल दिया है। मेयर साहब अब आप भी आइए—चलो साथ तैरते हैं।
अंकुश नारंग ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में लिखा दिल्ली सरकार और भाजपा शासित एमसीडी द्वारा मानसून को लेकर किए गए सभी वादे खोखले साबित हुए हैं। बारिश से पहले उन्होंने दावा किया था कि दिल्लीवासी मानसून का आनंद लेंगे। अब भाजपा की आनंद की परिभाषा देखिए—बसें डूबी हुई हैं गाड़ियाँ फँसी हुई हैं लोग सड़कों पर तैर रहे हैं। अब उन्होंने नागरिकों को भूमिगत पानी में भी तैरने पर मजबूर कर दिया है। दिल्ली की सड़कों को तालाबों और स्विमिंग पूलों में बदलने के लिए मेयर राजा इकबाल सिंह का हार्दिक धन्यवाद।