गुजरात पुल हादसे के बाद खरगे ने भाजपा को घेरा, कहा- जनता माकूल जवाब देगी

गुजरात पुल हादसे के बाद खरगे ने भाजपा को घेरा, कहा- जनता माकूल जवाब देगी

Share this post:

नई दिल्ली 10 जुलाई (हि.ला.)। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के वडोदरा ज़िले में बुधवार तड़के महिसागर नदी पर बने गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढह जाने की घटना में हुई जनधन की हानि पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे भ्रष्टाचार का नतीजा बताया है।

कांग्रेसाध्यक्ष ने गुरुवार को एक वक्तव्य में कहा कि देश में आए दिन दुर्घटनाएं आम बात हो गई है। कभी रेल दुर्घटना कहीं उद्घाटन के साथ ही पुल में दरार आना। अभी विमान दुर्घटना के हादसे से देश नहीं उभर पाया है कि कल गुजरात से पुल ढहने की खबर आ गई। 12 मासूम जानें चली गई। पीड़ितों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।

उन्होंने मीडिया मे आई खबरों का हवाला देते हुए कहा कि तीन साल पहले ही पुल में “कंपन” से स्थिति “खतरनाक” होने की बात कही गई थी। फिर भी कुछ नहीं किया गया।

खरगे ने कहा कि 2021 से ये गुजरात में पुल गिरने की यह 7वीं घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में “Governance” के नाम पर केवल भाषण और विज्ञापनबाज़ी में व्यस्त भाजपा नेतृत्व और सरकार उदासीनता की सारी हदें पार कर चुकी है। ये नेतृत्व का संकट चौतरफ़ा भ्रष्टाचार और सरकार चलाने की क्षमता में कमी और अयोग्यता का नतीजा है। उम्मीद है देश की जनता इसे देख रही है और समय आने पर इसका माकूल जवाब देगी।

गौरतलब है कि गुजरात के वडोदरा ज़िले में बुधवार तड़के महिसागर नदी पर बने गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए। कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मृतकों में दो भाई-बहन भी हैं।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News