नई दिल्ली 10 जुलाई (हि.ला.)। मेरठ सिटी जंक्शन से लखनऊ चारबाग स्टेशन के बीच चलने वाली 22490/22489 मेरठ सिटी - लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का वाराणसी जंक्शन तक यात्रा विस्तार किया जा रहा है। 27 अगस्त से यह ट्रेन अयोध्या के रास्ते मेरठ सिटी जंक्शन से वाराणसी जंक्शन के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेरठ-वाराणसी की 782.22 किमी की दूरी यह 11 घंटे 55 मिनट में तय करेगी।
उन्होंने बताया कि रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन हेतु रेलवे ने रेलगाड़ी संख्या 22490/22489 मेरठ सिटी जंक्शन - लखनऊ चारबाग - मेरठ सिटी जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस को 27 अगस्त 2025 से वाराणसी जंक्शन तक/से यात्रा विस्तार देने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में मुरादाबाद जंक्शन बरेली जंक्शन लखनऊ चारबाग और अयोध्या धाम जंक्शन पर ठहराव होगा।
22490 वंदे भारत एक्सप्रेस मेरठ सिटी से सुबह 6.35 बजे रवाना होगी और 8.40 बजे मुरादाबाद 10.11 बजे बरेली स्टेशन आलमनगर से पास होते हुए दोपहर 1.55 बजे लखनऊ और 3.55 बजे अयोध्या धाम होकर शाम 6.25 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 22489 वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 9.10 बजे वाराणसी कैंट से रवाना होकर 11.40 बजे अयोध्या धाम दोपहर 1.30 बजे लखनऊ शाम 5.15 बजे बरेली 6.50 बजे मुरादाबाद होकर रात 9.05 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी।