अमित शाह स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शुक्रवार को पहुंचेंगे केरल

अमित शाह स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शुक्रवार को पहुंचेंगे केरल

Share this post:

 

तिरुवनंतपुरम 11 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केरल में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों से पहले दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे।

भाजपा नेता की शुक्रवार रात 10 बजे के आसपास तिरुवनंतपुरम पहुंचने की उम्मीद है और वह 12 जुलाई को शहर में दो कार्यक्रमों में भाग लेंगे उसके बाद वह कन्नूर में तलिपरम्बा स्थित राजराजेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे।

वह भाजपा के राज्य कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और पुथरीकंदम मैदान में एक सार्वजनिक समारोह में भाग लेंगे जहां वह 12 जुलाई को दक्षिणी जिलों के वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर श्री शाह भाजपा वार्ड प्रतिनिधियों की बैठक में केरल मिशन 2025 की घोषणा करेंगे। यह चुनावों से पहले ज़मीनी स्तर पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा के संगठनात्मक स्तर के अभियान की आधिकारिक शुरुआत होगी।

इस सम्मेलन में अलप्पुझा कोल्लम पथानामथिट्टा और तिरुवनंतपुरम के लगभग 5000 वार्ड प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। शेष 10 जिलों के वार्ड-स्तरीय प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि इस बैठक में भाग लेने वाले भाजपा के नियमित वार्ड पदाधिकारी नहीं हैं। श्री राजीव चंद्रशेखर की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति होने के बाद प्रत्येक वार्ड से पांच विशेष रूप से चुने गए सदस्य जिन्हें विकास टीम कहा जाता है इस कार्यक्रम में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वर्तमान में केरल में भाजपा की लगभग 17900 वार्डों में संगठनात्मक उपस्थिति है। पार्टी ने इनमें से 10000 वार्डों में जीत का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। अब तक भाजपा लगभग 1650 वार्डों में जीत प्राप्त कर चुकी है। इसके अलावा पार्टी का लक्ष्य 10 नगरपालिकाओं के साथ-साथ तिरुवनंतपुरम और त्रिशूर नगर निगमों पर भी कब्ज़ा करना है।

तिरुवनंतपुरम में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद श्री शाह शाम लगभग चार बजे वहां से रवाना होंगे। वापसी में वह कन्नूर जाएंगे और तालीपरम्बा स्थित राजराजेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे और उसी रात दिल्ली लौट जाएंगे।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News