नई दिल्ली 18 जुलाई (हि.ला.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अमेरिका के अलाबामा प्रांत के बर्मिंघम में आयोजित 21वें विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल–2025 में हिस्सा लेकर लौटे भारतीय पुलिस एवं अग्निशमन दल के अभिनंदन समारोह को आज नई दिल्ली में संबोधित किया। उन्होंने भारतीय दल को 613 मेडल जीतने पर भारतीय पुलिस एवं अग्निशमन दल को बधाई दी और सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अगला विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल भारत में होगा।
शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि अखिल भारतीय पुलिस बल नियंत्रण बोर्ड के अधीन सभी पुलिस बलों से कोई न कोई खिलाड़ी अगले विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल में अवश्य हिस्सा ले। हमारी हिस्सेदारी सर्वसमावेशी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी दलों को कम से कम तीन मेडल जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए। ऐसा लक्ष्य रखने पर 613 मेडल जीतने का रिकॉर्ड स्वयं ही टूट जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि आज भारतीय दल को 4 करोड़ 38 लाख 85 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है। पहले कभी पुलिस एवं अग्निशमन खेल को देश में बहुत महत्व नहीं दिया जाता था। लेकिन हिस्सेदारी की दृष्टि से यह ओलंपिक्स और राष्ट्रमंडल खेलों के बाद विश्व का सबसे बड़ा खेल आयोजन है। इन खेलों में लगभग 10 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जिसकी वजह से इन खेलों में देश का अच्छा प्रदर्शन 140 करोड़ देशवासियों के लिए बहुत ही गर्व की बात है।
गृह मंत्री ने कहा कि विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेकर अच्छा प्रदर्शन किया है अब हमारा ध्यान 2029 के विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल पर होना चाहिए। गुजरात में वर्ष 2029 में आयोजित होने वाले ‘विश्व पुलिस एवं फायर खेल’ में अर्जुन की तरह ही एक लक्ष्य साधकर हर खिलाड़ी पदक जीतने के लिए आगे बढ़े।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आगामी विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल गुजरात के अहमदाबाद गांधीनगर और केवडिया में आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों में भारतीय खिलाड़ी ऐसा प्रदर्शन करें ताकि चर्चा हो कि भारत में खेलों में बहुत संभावना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ओलंपिक कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाड का आयोजन भारत में कराने की कोशिश जिससे खेल जनता का स्वभाव बने। शाह ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों के आयोजन के लिए हम दावेदारी करने वाले हैं कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन के लिए दावेदारी पेश कर चुके हैं और एशियाड के लिए भी फ़िर से दावेदारी कर चुके हैं।
अमित शाह ने अखिल भारतीय पुलिस बल नियंत्रण बोर्ड से भारतीय पुलिस बलों की टीम को विश्व स्तर के कोच और बलों की मेडिकल टीमों को खेलों से जुड़े रोगों के इलाज के लिए विशेष प्रशिक्षण देने को कहा। उन्होंने कहा कि यह दोनों काम नियोजित तरीके से करने की ज़रूरत है और इसमें खेल मंत्रालय की तरफ से हर संभव सहयोग मिलेगा।
अमित शाह ने उम्मीद जताई कि 2036 के ओलंपिक की पदक तालिका में भारत टॉप 5 में होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार खेलों को गाँव-गाँव तक पहुँचा रही है और हर खेल में बच्चों का चयन और ट्रेनिंग वैज्ञानिक ढंग से की जा रही है। देश में अब खेल के लिए बहुत अच्छा माहौल बन रहा है।