'द ओवल' टेस्ट : यशस्वी फिर फ्लॉप, लंच तक भारत का स्कोर 72/2

'द ओवल' टेस्ट : यशस्वी फिर फ्लॉप, लंच तक भारत का स्कोर 72/2

Share this post:

 

द ओवल, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का आखिरी टेस्ट गुरुवार से 'द ओवल' में शुरू हुआ। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। लंच तक भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाए हैं।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल एक बार फिर असफल रहे। जायसवाल 9 गेंद पर 2 रन बनाकर गस एटकिंसन का शिकार बने।

यशस्वी के रूप में भारत ने अपना पहला विकेट 10 के स्कोर पर गंवा दिया। भारत को दूसरा झटका 38 के स्कोर पर केएल राहुल के रूप में लगा। राहुल 14 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए।

साईं सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 34 रन जोड़े हैं और टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 72 तक पहुंचाया है। सुदर्शन 67 गेंद पर 25 और गिल 23 गेंद पर 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।

इससे पहले भारत और इंग्लैंड दोनों ही टीमें 4-4 बदलावों के साथ उतरी हैं। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इंजर्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल को मौका दिया है। वहीं, जसप्रीत बुमराह की जगह प्रसिद्ध कृष्णा टीम में वापस आए हैं। शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज की जगह करुण नायर और आकाश दीप को मौका दिया गया है।

इंग्लैंड की टीम में बेन स्टोक, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, ब्रायडन कार्स नहीं हैं। इनकी जगह जैकब बेथल, जेमी ओवर्टन, गस एटकिंसन और जोश टंग को जगह दी गई है। कप्तानी ओल पोप कर रहे हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन :

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News